पंजाब में आज यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। कौमी इंसाफ मोर्चा के आह्वान पर राज्यभर में आज चार घंटे के लिए टोल प्लाजा फ्री किए जाएंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किसी भी टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली नहीं होने दी जाएगी। इसी क्रम में लाडोवाल टोल प्लाजा पर भी मोर्चा की ओर से धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
यह धरना सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर आयोजित किया गया है। कौमी इंसाफ मोर्चा के नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार पिछले कई वर्षों से सिख बंदियों की रिहाई को लेकर कोई ठोस और स्पष्ट निर्णय नहीं ले रही है, जिसके चलते सिख समुदाय में भारी रोष है। इसी विरोध के तहत आज पंजाब के सभी प्रमुख टोल प्लाजा पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।
मोर्चा नेताओं ने स्पष्ट किया है कि धरने के दौरान किसी भी वाहन चालक से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। हालांकि, धरने के कारण कुछ स्थानों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।









