
आम आदमी पार्टी पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पंजाब पूरी तरह सुरक्षित है और राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ बिना किसी नरमी के कड़ी और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार ने गैंगस्टरों और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता लगातार राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है।
गोलीबारी और हिंसा करने वालों को उसी की भाषा में जवाब
बलतेज पन्नू ने कहा कि जो लोग गोलियां चलाकर दहशत फैलाने की कोशिश करते हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि मान सरकार ऐसे मामलों में कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा और किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सरपंच हत्याकांड में पुलिस की तेज कार्रवाई
सरपंच हत्याकांड का उदाहरण देते हुए पन्नू ने बताया कि पंजाब पुलिस ने इस केस में करीब 110 किलोमीटर तक सीसीटीवी फुटेज खंगाली, आरोपियों का दूसरे राज्यों तक पीछा किया और छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पनाह देने वाले व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है और शूटरों को पंजाब लाया जा रहा है।
अलग-अलग मामलों में शूटरों की गिरफ्तारी
उन्होंने बताया कि लुधियाना के हैबोवाल इलाके में पुलिस पर फायरिंग करने वाले गोदारा गैंग से जुड़े दो गैंगस्टरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। वहीं, स्पोर्ट्स प्रमोटर राणा बलाचौरिया से जुड़े मोहाली गोलीबारी मामले में दोनों शूटरों को कोलकाता, पश्चिम बंगाल से दबोचा गया है।
भारत में कहीं भी छुपें, पंजाब पुलिस पीछा करेगी
गैंगस्टरों और शूटरों को सख्त चेतावनी देते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि पंजाब में अपराध कर वे दूसरे राज्यों में जाकर बच सकते हैं, वे भ्रम में हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस भारत के किसी भी कोने में जाकर अपराधियों को पकड़ने में सक्षम है।
एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स पर विपक्ष को जवाब
एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पन्नू ने कहा कि यही टास्क फोर्स विभिन्न राज्यों में जाकर गैंगस्टरों की गिरफ्तारी कर रही है। मुख्यमंत्री मान ने पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी है कि किसी भी अपराधी को बख्शा न जाए।
आधुनिक तकनीक से लैस है पंजाब पुलिस
बलतेज पन्नू ने कहा कि आज पंजाब पुलिस के पास अत्याधुनिक वाहन, उन्नत सर्विलांस सिस्टम और आधुनिक तकनीक मौजूद है, जिससे 24 घंटे के भीतर कई गंभीर मामलों को सुलझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष यह स्वीकार नहीं करता कि पंजाब पुलिस तेजी से कार्रवाई कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचा रही है।
सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद स्थिति नियंत्रण में
पंजाब के सीमावर्ती राज्य होने का जिक्र करते हुए पन्नू ने कहा कि कुछ शरारती ताकतें बार-बार शांति भंग करने की कोशिश करती हैं, लेकिन उन्हें समझ लेना चाहिए कि मान सरकार और पंजाब पुलिस हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
पिछली सरकारों पर निशाना
अंत में बलतेज पन्नू ने कहा कि पिछली सरकारों के विपरीत मान सरकार गैंगस्टरों को किसी भी तरह की सरपरस्ती नहीं देती। उन्होंने कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून सबके लिए बराबर है और अपराधियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।








