
पंजाब सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए परिवहन विभाग की 30 सेवाएं और राजस्व विभाग की 6 सेवाएं अब सेवा केंद्रों और डोर स्टेप डिलीवरी के जरिए उपलब्ध करवा दी हैं। अब लोगों को RTO ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और न ही एजेंटों पर निर्भर रहना होगा।
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार आपके द्वार’ योजना के तहत लोग हेल्पलाइन नंबर 1076 पर कॉल करके घर बैठे ही इन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इस योजना में शामिल मुख्य सेवाएं हैं:
🔹 ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना
🔹 रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) जारी कराना
🔹 डीड रजिस्ट्रेशन
🔹 पुश्तैनी हक और इंतकाल से संबंधित सेवाएं
🔹 फर्द और रिकॉर्ड सुधार से जुड़ी सेवाएं
बैठक के दौरान अमन अरोड़ा ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को सख्त निर्देश दिए कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी बेवजह आपत्तियां लगाकर जनता को परेशान करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अमन अरोड़ा ने कहा कि “सरकार नागरिक केंद्रित प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है और यह पहल हज़ारों नागरिकों के अनुभव को बेहतर बनाएगी।”









