
शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र सुखचैन नगर में बीती रात अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 2:30 बजे एक घर के बाहर खड़े तीन वाहन रहस्यमयी परिस्थितियों में आग की लपटों में घिर गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, आग लगने से पहले उन्हें जोरदार धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दी, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। देखते ही देखते तीनों वाहन आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
वाहन मालिक कुलदीप सिंह और मंजीत सिंह ने बताया कि आधी रात वे घर में आराम कर रहे थे कि अचानक तेज धमाके की आवाज सुनकर बाहर दौड़े। बाहर आकर देखा तो उनकी गाड़ियों में आग धधक रही थी। तुरंत फगवाड़ा फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद फायर टीम मौके पर पहुंची और लगातार पानी छिड़ककर आग पर काबू पाया।
कुलदीप सिंह के मुताबिक, इस आगज़नी में उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार का दावा है कि यह कोई सोची-समझी शरारत या साजिश हो सकती है। उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत फगवाड़ा पुलिस को दे दी है। खबर लिखे जाने तक पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई थी।









