पंजाब के फगवाड़ा शहर से इस समय की बड़ी खबर सामने आई है, जहां देर रात चंडीगढ़ बाईपास पर गोलीकांड के बीच पुलिस ने ड्रग्स माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी और 16.8 किलो हेरोइन बरामद करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंधी ज़ानकारी देते हुए डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर फगवाड़ा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बोलेरो कार में नशा तस्कर भारी मात्रा में हेरोइन लेकर चंडीगढ़ सप्लाई के लिए जा रहे हैं। इस सूचना पर एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा के निर्देश पर एसपी फगवाड़ा माधवी शर्मा की अगुवाई में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया।
इन टीमों में डीएसपी भारत भूषण, इंस्पेक्टर अमन दवेशर और थाना सिटी प्रभारी अमनदीप कौर शामिल थीं, जिन्होंने चंडीगढ़ बाईपास पर कई स्थानों पर नाकाबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध बोलेरो को रोकने की कोशिश की गई, आरोपियों ने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया और मौके से भागने लगे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलानी पड़ी। इसके बाद पीछा कर घेराबंदी की गई और चारों आरोपियों को काबू कर लिया गया।
गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस को 16.8 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंदर सिंह, सुमनप्रीत कौर, हरपाल सिंह और जस्करनबीर सिंह के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह नशे की खेप पाकिस्तान और दुबई में बैठे ड्रग हैंडलरों के इशारे पर लाई जा रही थी। इसे अमृतसर बॉर्डर के जरिए पंजाब लाकर आगे चंडीगढ़ में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
राशिफल 8 अप्रैल 2026: बुधवार को इन राशियों पर बरसेगी किस्मत, जानें आज का दिन कैसा रहेगा










