
बड़ी ख़बर पंजाब के मोहाली शहर से है जहां मोहाली के फेज-1 इलाके में देर रात सनसनीखेज़ वारदात सामने आई है। यहां रहने वाले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता गुरदीप सिंह की थार गाड़ी पर स्कॉर्पियो सवार अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। यह हमला रात करीब 12:50 से 1 बजे के बीच हुआ।
गुरदीप सिंह ने बताया कि सुबह जब वह जिम जाने के लिए घर से बाहर निकले तो उनकी गाड़ी का शीशा टूटा हुआ था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान गाड़ी की डिग्गी से एक खोखा (कारतूस का खोल) भी बरामद हुआ है। CCTV फुटेज में दिख रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार युवक मौके पर पहुंचे, पहले कुल्हाड़ी से गाड़ी पर वार किया और फिर फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।
गुरदीप सिंह का कहना है कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। वहीं एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।









