पंजाब के मोगा शहर में आज सुबह एक घर में लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना गिल रोड स्थित गली नंबर 3 की बताई जा रही है, जहां सुबह करीब 5 बजे अचानक घर में आग भड़क उठी। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घर में रहने वाले विशाल ने बताया कि वह सुबह सो रहा था, तभी उसे धुएं और जलने की तेज बदबू महसूस हुई। जब उसने उठकर बाहर देखा तो घर के अंदर आग फैल चुकी थी। हालात को देखते हुए उसने तुरंत अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को जगाया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
विशाल के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घर में रखा करीब 2 लाख रुपये नकदी से भरा बैग भी आग की भेंट चढ़ गया। विशाल ने बताया कि वह किराए के मकान में रहता है और एसी का कारोबार करता है। आग की इस घटना में करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन परिवार का सारा सामान जल जाने से वे गहरे सदमे में हैं।








