
पंजाब के मोगा जिले के बाघापुराना कस्बे में दिन-दहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने मौजूदा सरपंच हैपी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सरपंच को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ हमलावर फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर मौके पर पहुंचे और अचानक सरपंच हैपी पर कई राउंड फायर कर दिए। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल सरपंच को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
वारदात की सूचना मिलते ही मोगा के एसएसपी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
घटना के बाद बाघापुराना और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।









