शहीद भगत सिंह नगर में पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख के गाने ‘असला’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जिला पुलिस ने गाने में कथित तौर पर गैर-कानूनी हथियारों को बढ़ावा देने के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
सोशल एक्टिविस्ट परविंदर सिंह कितणा ने डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी को शिकायत देकर मांग की है कि गाने के बोल कानून व्यवस्था के खिलाफ संदेश देते हैं, इसलिए इस मामले में एफआईआर दर्ज की जाए। शिकायत में कहा गया है कि जब पंजाब पुलिस ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और ‘ऑपरेशन प्रहार’ जैसे अभियान चला रही है, उसी समय यह गाना जारी हुआ है।
गाने की एक पंक्ति में लाइसेंसी हथियारों के बजाय “दो नंबरी असला” की बात कही गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इससे युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है।
शिकायत में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के 2016 के आदेश का भी जिक्र किया गया है, जिसमें लाइव कार्यक्रमों में शराब, नशे और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गीतों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। आदेश के पालन की जिम्मेदारी जिला मजिस्ट्रेट और एसएसपी पर तय की गई थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।









