
दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रही आतिशी मार्लेना सिंह को शुभकामनाएं देते हुए आम आदमी पार्टी जिला कपूरथला के सचिव अशोक भाटिया ने आज यहां वार्तालाप में कहा कि पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक महिला के रूप में आतिशी को अपनी उत्तराधिकारी बना कर बिल्कुल सही निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आतिशी आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से इतिहास में मास्टर डिग्री प्राप्त बहुत ही सुशिक्षित और योग्य महिला हैं। जिन्होंने अरविंद केजरीवाल सरकार की कैबिनेट में शिक्षा, पी.डब्ल्यू.डी. और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में बेहतरीन काम किया है।
अपने निर्वाचन क्षेत्र कालका जी के विकास में भी उन्होंने अपनी काबलियत सिद्ध की है। एक कुशल राजनीतिज्ञ होने के साथ ही उनकी पृष्ठभूमि अरविंद केजरीवाल की तरह ही आंदोलनों से भी जुड़ी है। जो उनके व्यक्तित्व को और भी सशक्त बनाती है। अशोक भाटिया ने कहा कि आतिशी जैसी तेजतर्रार नेता के दिल्ली की बागडोर संभालने के बाद भाजपा सहित उन सभी विपक्षी दलों के मूंह पर ताला लग गया है जो अरविंद केजरीवाल से लगातार इस्तीफे की मांग कर रहे थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भ्रष्टाचार की साजिश का अदालत में बहुत जल्दी पर्दाफाश होगा और वे बाईज्जत बरी होंगे।
भाटिया ने पूरे आत्म-विश्वास के साथ कहा कि 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी एक बार फिर झाड़ू फेर जीत दर्ज करेगी क्योंकि दिल्ली की जनता अपने प्रिय नेता अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मोदी सरकार और भाजपा की राजनीतिक साजिश का करारा जवाब देने के लिये तैयार बैठी है। इस अवसर पर उनके साथ गोपी बेदी, कुलविंदर सिंह और कैप्टन दीपक भी मौजूद थे।









