लुधियाना। पंजाब के लुधियाना स्थित फाइव स्टार होटल रेडीसन ब्लू में NRI युवती से कथित दुष्कर्म के प्रयास के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि जिसे वह और उसका परिवार अब तक धार्मिक अनुष्ठान कराने वाला व्यक्ति समझ रहे थे, वह वास्तव में कोई पंडित नहीं बल्कि डीजे संचालक राहुल सूद है। युवती का कहना है कि आरोपी ने खुद को साईं बाबा का भक्त बताते हुए दावा किया था कि वह विशेष पूजा के जरिए लोगों की परेशानियां दूर कर देता है।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
भाई की परेशानी दूर कराने के नाम पर बुलाया लुधियाना
22 वर्षीय NRI युवती के अनुसार उसका परिवार छोटे भाई की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से चिंतित था। एक परिचित ने राहुल सूद का संपर्क नंबर देते हुए बताया कि वह विशेष पूजा-पाठ कर लोगों की समस्याओं का समाधान करता है। इसके बाद आरोपी ने परिवार को पूजा के लिए लुधियाना बुलाया।
युवती ने बताया कि वह हाल ही में कनाडा से भारत आई थी और मां व भाई के साथ लुधियाना पहुंची, जहां रेडीसन ब्लू होटल में कमरा लिया गया। आरोपी ने वहीं होटल के कमरे में पूजा कराने की बात कही।
‘दो आत्माएं हैं’ कहकर बनाया माहौल
पीड़िता के मुताबिक होटल पहुंचने के बाद आरोपी ने दावा किया कि युवती के भीतर दो “आत्माएं” हैं, जिन्हें निकालना जरूरी है। इसके बाद उसने कथित तौर पर मां को प्रसाद दिया, जिसे खाने के बाद वह बेहोश हो गईं। आरोपी ने इसे पूजा की प्रक्रिया का हिस्सा बताया और छोटे भाई को कमरे से बाहर भेज दिया।
दुष्कर्म की कोशिश का आरोप
युवती का आरोप है कि मां के बेहोश होने के बाद आरोपी ने पूजा के नाम पर उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। उसने विरोध करने पर मारपीट की, जबरन कपड़े उतरवाए और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। किसी तरह आरोपी को धक्का देकर वह कमरे से बाहर निकलने में सफल रही।
इसके बाद उसने पूरी घटना अपनी मां को बताई और दोनों ने पुलिस से संपर्क किया।
‘पंडित नहीं, DJ ऑपरेटर निकला आरोपी’
पीड़िता का दावा है कि बाद में जानकारी जुटाने पर पता चला कि राहुल सूद कोई धार्मिक गुरु या पंडित नहीं बल्कि डीजे व्यवसाय से जुड़ा व्यक्ति है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।
पत्नी पर भी धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी की पत्नी लगातार फोन कर उन्हें धमका रही है। इस संबंध में भी पुलिस को शिकायत दी गई है। परिवार का कहना है कि घटना के बाद वे मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं।
पुलिस का क्या कहना है?
थाना सराभा नगर के एसएचओ वरिंदर उप्पल के अनुसार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 74, 75, 79, 127 और 351 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।












