
थाना साहनेवाल के अधीन आने वाले महादेव नगर, लेबर चौक इलाके में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 20 से 25 बदमाशों के दो गुट आमने-सामने आ गए। करीब छह मिनट तक दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलते रहे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश थी।
घटना के दौरान फायरिंग की आशंका भी जताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो रिकॉर्ड किए, जिनमें गोलियों जैसी आवाजें सुनाई देती हैं। कुछ वीडियो में लोग यह कहते भी नजर आ रहे हैं कि फायरिंग हो रही है। बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरों पर कपड़ा बांध रखा था।
दुकानों के बाहर खड़े वाहनों को नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने दुकानों के बाहर खड़े कई वाहनों को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। खरीदारी के लिए आए ग्राहकों में भय फैल गया और लोग दुकानों में दुबकने को मजबूर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना साहनेवाल और चौकी कंगनवाल पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चौकी कंगनवाल के इंचार्ज निर्मल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही ड्यूटी अफसर को मौके पर भेजा गया है। मामले की पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।









