
पंजाब के Ludhiana शहर के कैलाश नगर रोड इलाके में माता सरस्वती के धार्मिक कार्यक्रम के दौरान अश्लील गाना बजाने का मामला सामने आया है। इस घटना से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। पुलिस ने वीडियो साक्ष्य के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जांच अधिकारी कुलविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने उन्हें एक वीडियो दिखाया। यह वीडियो बाजड़ा, कैलाश नगर रोड पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि माता सरस्वती की मूर्ति के सामने दो अज्ञात व्यक्ति अश्लील गाने पर नाच रहे हैं।
इस घटना को लेकर इलाके के लोगों और हिंदू धर्म से जुड़े श्रद्धालुओं में रोष है। लोगों का कहना है कि इस तरह की हरकत से धार्मिक मंच की मर्यादा को ठेस पहुंची है। जांच में यह भी सामने आया है कि कार्यक्रम के आयोजकों ने प्रशासन या पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली थी।
पुलिस का कहना है कि बिना मंजूरी के कार्यक्रम करना और धार्मिक आयोजन में अश्लील गाने बजाना कानून का उल्लंघन है। मामले में डी.जे. संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक कार्यक्रमों में इस तरह की अभद्रता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









