
पंजाब के लुधियाना जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां ढंडारी खुर्द इलाके में 6वीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा ने घर में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान अंजलि के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मंगलवार को अंजलि स्कूल से परीक्षा देकर घर लौटी थी और उस समय वह सामान्य दिखाई दे रही थी। घर आने के कुछ समय बाद वह अपने कमरे में चली गई।
शाम तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आई तो परिवार को चिंता हुई। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो अंजलि का शव पंखे से लटका हुआ था।
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।









