पंजाब के जालंधर शहर में देर रात फायरिंग की घटना से दहशत का माहौल बन गया। शहर के पॉश इलाके अर्बन एस्टेट फेज-1 स्थित गढ़ा रोड पर कंडा ज्वेलर्स के घर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने गोलियां चला दीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार देर रात बाइक पर सवार दो युवक कंडा ज्वेलर्स के घर के बाहर पहुंचे। उस समय ज्वेलर खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। जैसे ही बदमाशों ने उसे देखा, उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। खतरा भांपते हुए ज्वेलर तुरंत घर के अंदर भाग गया, जिससे उसकी जान बच गई।
बताया जा रहा है कि बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में घर के गेट पर पांच गोलियों के निशान मिले हैं। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना-7 की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इस घटना को फिरौती से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सूत्रों के मुताबिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।








