जालंधर शहर के थाना लांबड़ा क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सागर एन्क्लेव में रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर रसोई में पड़े तवे से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान Sita के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल की रहने वाली बताई जा रही है।
खाना बनाते समय हुआ विवाद, तवे से किया हमला
जानकारी के अनुसार घटना के समय महिला घर में खाना बना रही थी, जबकि उनके बच्चे काम पर गए हुए थे। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में आए पति संतोष ने रसोई में पड़े तवे से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
वारदात के बाद आरोपी ने किया सरेंडर
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाना लांबड़ा पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
पड़ोसियों के मुताबिक यह परिवार करीब 15 दिन पहले ही इलाके में किराए पर रहने आया था। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही थाना लांबड़ा पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।








