
जालंधर के गोराया ब्लॉक अंतर्गत गांव माहल कलां स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की गंभीर घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही जालंधर ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कदम उठाए और आरोपी को काबू में कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
एसएसपी विर्क ने यह भी स्पष्ट किया कि इलाके में पूरी तरह शांति है और किसी प्रकार का तनाव नहीं है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।








