
जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस की मुस्तैदी से शहर में एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई। CIA स्टाफ टीम ने जोगा फोल्डीवाल और सोनू खत्री गैंग से जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फोल्डीवाल निवासी हरप्रीत लाल उर्फ हैप्पी और खाबरा निवासी साजन गिल के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, CIA स्टाफ के SHO सुरिंदर कंबोज अपनी टीम के साथ डीएवी फ्लाईओवर के पास नाकेबंदी कर रहे थे। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध पिस्तौल बरामद हुईं।
डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी साजन गिल ने अपने साथियों के साथ मिलकर फगवाड़ा स्थित S. Sudhir Sweet Shop पर फायरिंग की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जोगा फोल्डीवाल के इशारे पर हथियार और नशे की सप्लाई करते थे और शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है और विभिन्न थानों में इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है।
रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने हथियार कहां से प्राप्त किए और जालंधर में किस इलाके को निशाना बनाने की साजिश रची थी।









