
गुरदासपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अमृतसर रेंज के अंतर्गत गुरदासपुर यूनिट ने जिला टाउन प्लानर रितिका अरोड़ा को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो थाना, रेंज अमृतसर में एफआईआर नंबर 02 दिनांक 19 जनवरी 2026 दर्ज की गई है, जो प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत है।
जानकारी के अनुसार गांव लहेल निवासी गुरजीत सिंह ने विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने गांव लहेल में 7 कनाल 17.5 मरला भूमि खरीदी थी। उक्त भूमि पर प्लॉट काटने के बाद रजिस्ट्री और मंजूरी के लिए जिला टाउन प्लानर कार्यालय में आवेदन किया गया। आरोप है कि संबंधित अधिकारी ने बिना किसी ठोस कारण के फाइल को लंबे समय तक लंबित रखा और बाद में प्लॉटों की मंजूरी देने के बदले प्रति प्लॉट एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की।
रिश्वत देने से इनकार करने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया। इसके बाद टीम ने पूरी योजना के तहत ट्रैप लगाया। दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी अधिकारी को उसके कार्यालय में रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। मौके से एक लाख रुपये की नकद राशि बरामद की गई है। विजिलेंस ब्यूरो ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी को कल सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।








