
गुरदासपुर जिले में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। बुधवार देर शाम जलालवाला नहर के पास हथियार की बरामदगी के लिए ले जाए गए एक गिरफ्तार बदमाश ने अचानक पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर संदीप गोयल, DIG बॉर्डर रेंज, और डॉ. महिताब सिंह, एसएसपी बटाला, पहुंचे। पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपी की पहचान जसकरण सिंह उर्फ जस, निवासी ग्रंथगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जसकरण सिंह का नाम पहले भी गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। वह गोलीकांड और हेरोइन तस्करी से जुड़े मामलों में वांछित था। पत्रकारों को जानकारी देते हुए DIG संदीप गोयल ने बताया कि 6 दिसंबर को बटाला के स्टाफ रोड इलाके में एक नौजवान पर गोली चलाई गई थी, जिसमें दो युवक घायल हुए थे। इस मामले में थाना सिविल लाइन बटाला में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
DIG ने बताया कि एसएसपी बटाला के निर्देश पर सीआईए स्टाफ और थाना सिविल लाइन की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। जांच के दौरान इस वारदात में जसकरण सिंह उर्फ जस और गुरभेज सिंह उर्फ विशाल, निवासी घसीटपुरा, की भूमिका सामने आई। कुछ समय पहले गुरभेज सिंह को तीन किलो हेरोइन और अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था, जबकि जसकरण फरार चल रहा था।
उन्होंने बताया कि 19 जनवरी को जसकरण सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर एक किलो हेरोइन भी बरामद की गई थी। इसके बाद पुलिस उसे पिस्तौल की रिकवरी के लिए जलालवाला नहर के पास लेकर गई। इसी दौरान आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठाकर छुपाया हुआ पिस्तौल निकाल लिया और पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल बटाला में भर्ती कराया गया है। DIG संदीप गोयल ने साफ कहा कि जो भी व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।








