
फिरोजपुर पुलिस ने भारत-पाक बॉर्डर के पास से 2 कथित नशा तस्करों को दबोच लिया। BSF के साथ संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों से 3 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। दोनों पाकिस्तानी तस्करों से हेरोइन मंगवाने के इंतजार में बॉर्डर के पास बैठे थे।
फिरोजपुर, पंजाब – फिरोजपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारत-पाक बॉर्डर से लगते क्षेत्र में 2 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुनील सिंह पुत्र चिमन सिंह और शमशेर सिंह पुत्र बलविंदर सिंह के रूप में हुई है।
ए.एस.आई. सुखबीर सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस पार्टी चौकी पी.पी. रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में गश्त के दौरान बॉर्डर एरिया की ओर रवाना हुई, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी सतलुज दरिया के पास गांव जल्लोके में पाकिस्तानी तस्करों से हेरोइन मंगवाने के इंतजार में बैठे हैं। उसी समय BSF के जवान भी वहां सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।
ए.एस.आई. सुखबीर सिंह ने BSF कर्मियों के साथ तालमेल कर ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत दोनों को काबू किया। तलाशी में ओप्पो कंपनी के 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। फिलहाल थाना सदर फिरोजपुर में मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है।









