
फिरोजपुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां 8 साल के मासूम बच्चे की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान मनप्रीत शर्मा के रूप में हुई है, जो आरएसडी राजरत्न पब्लिक स्कूल में कक्षा दूसरी का छात्र था। परिजनों के अनुसार मनप्रीत घर के बाहर पतंग उड़ा रहा था, तभी अचानक उसे घबराहट और सीने में दर्द महसूस हुआ। उसने तुरंत परिजनों को अपनी तकलीफ बताई, जिसके बाद उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्कूल प्रशासन ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। स्कूल के डायरेक्टर प्रोफेसर एस.पी. आनंद ने बताया कि मनप्रीत पढ़ाई में होनहार और अनुशासित छात्र था। उसकी असमय मौत से स्कूल ही नहीं, बल्कि पूरे फिरोजपुर शहर में शोक का माहौल है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा स्कूल प्रबंधन परिवार के साथ खड़ा है।









