सोशल मीडिया पर दोस्ती की आड़ में भोली-भाली युवतियों को शादी का झांसा देने और फिर उनकी आबरू से खिलवाड़ कर विदेश भाग जाने वाले शातिर धोखेबाजों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। ऐसा ही एक रूह कंपा देने वाला मामला पंजाब के लुधियाना से सामने आया है। यहाँ विदेश में बैठे एक शातिर युवक ने फेसबुक के जरिए लुधियाना की एक युवती को अपने प्रेम-जाल में फंसाया, भारत आकर उसका यौन शोषण किया और फिर मुकर गया।
अब इस मामले में माननीय पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट (Hon’ble High Court) के सख्त दखल और रिट पिटीशन के आदेशों के बाद, लुधियाना के थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और धोखाधड़ी का संगीन मुक़दमा दर्ज कर लिया है।
2019 में फेसबुक पर शुरू हुआ था ‘घिनौना खेल’
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि साल 2019 में फेसबुक के माध्यम से उसकी दोस्ती उक्त आरोपी युवक के साथ हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोपी ने युवती को सुनहरे भविष्य के बड़े-बड़े सपने दिखाए और शादी करने का पक्का वादा कर लिया।
किराए का कमरा और हवस की पहली वारदात
अपने इसी झांसे को अंजाम देने के लिए आरोपी साल 2021 में विशेष रूप से विदेश से भारत आया। भारत आने के बाद वह पीड़िता को बहला-फुसलाकर लुधियाना के जालंधर बाईपास स्थित सब्जी मंडी के बिल्कुल बैकसाइड बने एक किराए के कमरे में ले गया। वहां आरोपी ने शादी का झांसा देकर पहली बार उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और फिर वापस विदेश लौट गया।
भारत ही नहीं, विदेश बुलाकर भी लूटती रही आबरू > शातिर आरोपी का मन इतने से भी नहीं भरा। उसने पीड़िता को झांसा देकर विदेश में अपने पास बुला लिया। वहां भी आरोपी लगातार पीड़िता को अपनी हवस का शिकार बनाता रहा और जल्द ही शादी के बंधन में बंधने का ढोंग रचता रहा।
हाईकोर्ट की चौखट पर न्याय: जब मुकर गया आरोपी
इस घिनौने खेल का पर्दाफाश तब हुआ जब आरोपी बीते 14 नवंबर 2023 को दोबारा विदेश से भारत लौटा। जब पीड़िता और उसके परिवार ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने सारे वादों से पूरी तरह मुकर गया और उसने शादी करने से सरेआम इन्कार कर दिया।
धोखे का अहसास होने पर पीड़िता ने तुरंत पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया, लेकिन आरोपी के रसूख और प्रभाव के कारण स्थानीय पुलिस कार्रवाई से बचती रही। आखिरकार हार मानकर पीड़िता को माननीय हाईकोर्ट की शरण लेनी पड़ी।
माननीय हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस को तुरंत एफआईआर दर्ज करने के सख्त निर्देश जारी किए। हाईकोर्ट के डंडे के बाद हरकत में आई सलेम टाबरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर बलात्कार करने, आपराधिक विश्वासघात और धोखाधड़ी की संगीन व गैर-जमानती धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अगली तफ्तीश शुरू कर दी है।










