
आम आदमी पार्टी ने पंजाब के दोआबा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने फगवाड़ा हलके के दलजीत राजू दरवेश पिंड को बी.सी. विंग, दोआबा जोन का इंचार्ज नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है।
नियुक्ति के बाद दलजीत राजू दरवेश पिंड ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा, सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, बी.सी. विंग के पंजाब प्रधान सुखजीत सिंह ढिलवां, दोआबा जोन इंचार्ज नयन छाबड़ा, संदीप सैनी, यूथ इंचार्ज रोबी कंग और जिला कपूरथला के प्रधान सरबजीत सिंह लुबाना का धन्यवाद किया।
दलजीत राजू ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य दोआबा क्षेत्र के गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करना और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे बी.सी. वर्ग के लोगों को पार्टी की नीतियों और योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार काम करेंगे।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, फगवाड़ा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दलजीत राजू का प्रभाव मजबूत माना जाता है। पहले वे कांग्रेस पार्टी में जिला कपूरथला के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके हैं, जिससे जिले के सभी विधानसभा हलकों में उनकी अच्छी पहचान है। पार्टी को उम्मीद है कि उनकी नियुक्ति से दोआबा क्षेत्र में बी.सी. वर्ग के मतदाताओं के बीच आम आदमी पार्टी की पकड़ मजबूत होगी।









