भारत के चीफ जस्टिस पर जूती फेंकने की कोशिश की तीखी आलोचना करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इसे भाजपा की “दलित विरोधी मानसिकता” का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह न सिर्फ न्यायपालिका पर हमला है बल्कि देश के सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए भी खतरा है।
राज्यसभा उम्मीदवार और उद्योगपति रजिंदर गुप्ता के नामांकन के मौके पर मीडिया से बातचीत में सीएम मान ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति के ज़रिए कमजोर और पिछड़े वर्गों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि CJI पर हमला उसी सोच की उपज है।
त्योहारों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि त्योहारों के सीजन में कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार सतर्क है। सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें होती रहती हैं, लेकिन ऐसी किसी भी साजिश को नाकाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य की शांति बनाए रखने में सक्षम है।
सीएम मान ने नागरिकों से अपील की कि दिवाली और अन्य त्योहार शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी से मनाएं। उन्होंने ग्रीन दिवाली को बढ़ावा देने की बात कही और पटाखों से होने वाले प्रदूषण व चोटों को लेकर जागरूक किया।
मिलावटी मिठाइयों पर सख्ती
त्योहारों में खाद्य वस्तुओं में मिलावट पर चिंता जताते हुए सीएम मान ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों से शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयाँ बेचने की अपील की। साथ ही जैविक उत्पादों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
सिद्धू पर तंज
पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के सक्रिय राजनीति में लौटने पर मान ने कटाक्ष करते हुए कहा कि “उनसे कुछ नया उम्मीद करना व्यर्थ है क्योंकि वह फिर वही पुराना एजेंडा लेकर आए हैं।” हालांकि उन्होंने उन्हें राजनीतिक सफर के लिए शुभकामनाएँ दीं।
बाढ़ और फंड को लेकर केंद्र पर निशाना
सीएम मान ने कहा कि बाढ़ प्राकृतिक आपदा है और इसका असर सिर्फ पंजाब पर नहीं बल्कि हिमाचल, उत्तराखंड जैसे राज्यों पर भी हुआ। उन्होंने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट केंद्र को भेज दी गई है और अब जिम्मेदारी मोदी सरकार की है कि वह राहत के लिए फंड जारी करे।
कलाकारों के निधन पर शोक
मुख्यमंत्री ने पंजाबी गायक राजवीर जवंदा और बॉडीबिल्डर वरिंदर घुम्मन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों की मौत राज्य के लिए बड़ी क्षति है।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, संजीव अरोड़ा और सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर भी मौजूद थे।