
चंडीगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने हालात गंभीर कर दिए हैं। सुखना झील का जलस्तर बढ़कर 1163 फीट के खतरनाक निशान से ऊपर चला गया है। बुधवार सुबह प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए नौवीं बार 2 फ्लड गेट खोले। पहला गेट सुबह 7:30 बजे और दूसरा गेट एक घंटे बाद खोला गया। झील का पानी पंचकूला और मनीमाजरा से होते हुए बापू धाम और शास्त्री नगर पुल तक पहुंच गया, जिसके कारण इन क्षेत्रों में आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
स्कूल और कॉलेज बंद
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने सभी स्कूलों को 7 सितंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने सरकारी, निजी सहायता प्राप्त कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों को 4 से 6 सितंबर तक बंद रखने का फैसला लिया है। हालांकि, कॉलेजों के हॉस्टल खुले रहेंगे।
पंजाब यूनिवर्सिटी में छुट्टियां व परीक्षाएं स्थगित
पंजाब यूनिवर्सिटी ने अपने संबद्ध कॉलेजों और क्षेत्रीय केंद्रों में छुट्टियां 6 सितंबर तक बढ़ा दी हैं। सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं, जिन्हें अब 1, 4 और 6 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। वहीं, पीयू पीएचडी प्रवेश परीक्षा, जो 7 सितंबर को होनी थी, अब 21 सितंबर को होगी।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार शाम साढ़े 5 बजे तक 20.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में 63.6 मिलीमीटर बारिश हुई। इस कारण अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है।









