पंजाब के Ludhiana में कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध कॉल सेंटरों का पर्दाफाश किया है। बीती रात साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीमों ने फिरोजपुर रोड पर चल रहे फर्जी कॉल सेंटरों पर एक साथ छापेमारी कर करीब 130 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि ये कॉल सेंटर विदेशों में बैठे लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे रहे थे। इस कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप मच गया है।
फिरोजपुर रोड पर चल रहा था इंटरनेशनल स्कैम
जानकारी के अनुसार, ये फर्जी कॉल सेंटर फिरोजपुर रोड स्थित संधू टावर और सिल्वर आर्क मॉल के नजदीक एक अन्य बिल्डिंग में संचालित किए जा रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां बड़े स्तर पर इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड नेटवर्क चलाया जा रहा है।
इसके बाद साइबर सेल की अलग-अलग टीमों ने देर रात एक साथ दबिश देकर पूरे नेटवर्क को घेर लिया। पुलिस ने कार्रवाई इतनी गोपनीय तरीके से की कि किसी भी आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला।
विदेशियों को बनाते थे निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए युवक-युवतियां पंजाब समेत कई राज्यों से यहां नौकरी करने आए थे। इन्हें ऊंची सैलरी और आकर्षक पैकेज का लालच देकर भर्ती किया गया था।
इनका काम विदेशी नागरिकों को फोन कर डराना, फर्जी तकनीकी सहायता या बैंकिंग समस्या का झांसा देना और फिर उनके बैंक खातों से रकम निकालना था। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और विदेशों में कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है।
भारी मात्रा में कैश और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में कैश, मोबाइल फोन, लैपटॉप, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इन उपकरणों का इस्तेमाल साइबर ठगी और विदेशी नागरिकों से संपर्क करने के लिए किया जाता था।
पुलिस अब इन डिवाइसों की फॉरेंसिक जांच करवाने की तैयारी में है ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क और लेन-देन का पता लगाया जा सके।
मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटी पुलिस
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड और असली मालिकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं, जो पर्दे के पीछे से इस अवैध कारोबार को चला रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे इंटरनेशनल कॉल सेंटर स्कैम का बड़ा खुलासा कर सकती है।








