चंडीगढ़ में ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचाने की अपील के बाद Gulab Chand Kataria ने अहम घोषणा करते हुए कहा है कि अब हर बुधवार को सरकारी गाड़ियों के इस्तेमाल से परहेज किया जाएगा।
बुधवार को सरकारी वाहनों पर रहेगा रोक जैसा माहौल
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत को कम करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए शुरुआत सरकारी दफ्तरों से की जा रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार के दिन सरकारी कर्मचारी साइकिल का इस्तेमाल करें या फिर परिवार के किसी सदस्य के साथ कार्यालय पहुंचें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में बुधवार को फोर-व्हीलर वाहनों के उपयोग से बचने के लिए कर्मचारियों को प्रेरित किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
चंडीगढ़ साइकिलिंग के लिए सबसे बेहतर शहरों में शामिल
राज्यपाल ने कहा कि चंडीगढ़ का इंफ्रास्ट्रक्चर साइकिल चलाने के लिए काफी अनुकूल है। शहर की चौड़ी सड़कें और व्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था इसे साइकिल फ्रेंडली बनाती हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग कर्मचारियों को इस व्यवस्था में राहत दी जा सकती है, लेकिन बाकी कर्मचारी आसानी से इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।
राजभवन से शुरू होगा अभियान
कटारिया ने बताया कि इस पहल की शुरुआत राजभवन और सरकारी दफ्तरों से होगी। इसके बाद इसे स्कूलों और आम लोगों तक भी पहुंचाया जाएगा ताकि ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा सके।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है और छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में बड़े बदलाव ला सकते हैं।








