चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित बीजेपी दफ्तर के बाहर हुए धमाके के मामले में पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को रोपड़ से हिरासत में लिया गया है और अब उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह धमाका बीते दिनों शाम करीब 5 बजे हुआ था। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति कथित तौर पर ग्रेनेड फेंकता नजर आया। हालांकि इस हमले में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ, लेकिन आसपास खड़े कई वाहनों को नुकसान पहुंचा था।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी रोपड़ के रहने वाले हैं। मामले की जांच के लिए तीन एजेंसियां—पंजाब पुलिस, चंडीगढ़ पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA)—संयुक्त रूप से काम कर रही हैं।
जांच एजेंसियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके और इस हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान हो सके।










