
लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित गोपाल नगर चौक पर शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब भाजपा नेता नमन बांसल पर कुछ अज्ञात युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले नेता को थप्पड़ मारे और फिर दातर जैसे धारदार हथियार से उनकी पीठ पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हमला रात करीब 10 बजे हुआ। चौक में मौजूद लोगों ने बताया कि हमले के दौरान फायरिंग भी हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए।
घायल भाजपा नेता नमन बांसल ने पास की एक दुकान में छिपकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है।
भाजपा नेता का बयान:
नमन बांसल ने बताया कि,
“मुझे पिछले 2-3 दिनों से लगातार धमकियां मिल रही थीं। शुक्रवार को भी मैं रोज की तरह दुकान से घर जा रहा था कि तभी कुछ युवकों ने मुझ पर हमला कर दिया।”
पुलिस कार्रवाई:
फिलहाल पुलिस ने बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में इसे पूर्व नियोजित हमला माना जा रहा है।
🔴 इस हमले ने शहर की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।









