अमृतसर के राजासांसी क्षेत्र स्थित थाना भिंडीसैदां में देर रात संदिग्ध धमाके जैसी आवाज सुनाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी बड़े धमाके की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन घटना को लेकर जांच तेज कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक यह आवाज रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग घबरा गए। एहतियात के तौर पर थाना परिसर का मुख्य गेट अंदर से बंद कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। शुरुआती जांच में दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों पर शक जताया जा रहा है, जिन्हें घटना के समय आसपास देखा गया बताया जा रहा है।
डीएसपी गुरिंदर पाल सिंह नागरा के अनुसार, सुबह मिली रिपोर्ट में “माइनर ब्लास्ट जैसी आवाज” का जिक्र किया गया था। इसके बाद पुलिस और जांच एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान या थाने के भीतर किसी वस्तु के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, थाना परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें करीब 12 घंटे की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है।
इसके अलावा फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है।










