अमृतसर से एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां गुरु नानक देव अस्पताल से अगवा किए गए नवजात बच्चे को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 19 मार्च को रानी कौर पत्नी लवप्रीत सिंह निवासी गांव कसेल पट्टी किल्लेवाली (जिला तरनतारन) ने थाना मजीठा रोड में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि 15 मार्च को उनके घर बेटे का जन्म हुआ था, जिसे तबीयत खराब होने के चलते अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल स्थित बेबे नानकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान एक महिला ने धोखे से नवजात को अगवा कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जसप्रीत कौर (निवासी गुरदासपुर) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 3 दिन का नवजात सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया है और आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।









