
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कस्टम विभाग ने अहमदाबाद में बड़ी कार्रवाई की है। एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 12.400 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त कर चार यात्रियों को गिरफ्तार किया है।
कस्टम अधिकारियों को पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर बैंकॉक से कुआलालंपुर होते हुए अहमदाबाद पहुंचे चार भारतीय नागरिकों को रोका गया। ये यात्री मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच-208 से आए थे। जांच में तीन आरोपी जालंधर, पंजाब के रहने वाले पाए गए, जबकि एक यात्री वड़ोदरा, गुजरात का निवासी है।
यात्रियों के बैग और व्यक्तिगत तलाशी के दौरान हरे रंग का संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह गांजा पाया गया। जब्त नशीले पदार्थ का कुल वजन 12,402 ग्राम दर्ज किया गया है। कस्टम विभाग ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।









