
पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व चेयरमैन विजय सांपला ने आज डेरा सचखंड बल्लां के गद्दीनशीन 108 संत निरंजन दास के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली स्थित पीएम आवास में मुलाकात की। इस दौरान शिष्टमंडल ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि जालंधर के आदमपुर एयरपोर्ट का नाम सतिगुरु रविदास महाराज जी के नाम पर रखा जाए, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान हो सके।
सांपला ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने संत निरंजन दास सहित पूरी संगत का बड़े सम्मान और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बैठक में शिष्टमंडल ने पीएम को अगले साल फरवरी 2026 में काशी में आयोजित होने वाले गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश पर्व में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
साथ ही वर्ष 2027 में 650वें प्रकाश पर्व को राष्ट्रीय स्तर पर भव्य रूप से मनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस अवसर पर संत समाज ने काशी में होने वाले विशाल प्रकाश पर्व समागम के लिए 50 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाने की मांग भी प्रधानमंत्री से की।
डेलीगेशन ने पीएम मोदी को गुरु महाराज की सुंदर तस्वीर भेंटकर सम्मानित किया। सांपला के अनुसार, प्रधानमंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, पंजाब भाजपा नेता मंजीत बाली और अविनाश चंद्र कलेर भी उपस्थित रहे।










