
Abohar से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वैलेंटाइन डे के दिन एक युवक ने अपनी प्रेमिका की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह युवती आरती से शादी करना चाहता था। करीब दो महीने पहले उसे पता चला कि युवती किसी अन्य युवक से भी संपर्क में है। इसी बात को लेकर उसके मन में गुस्सा भर गया।
जांच में सामने आया कि वारदात से एक दिन पहले आरोपी ने बाजार से 300 रुपये में कुल्हाड़ी खरीदी। घटना वाले दिन वह युवती को सरप्राइज देने के बहाने मिलने ले गया। पहले बस स्टैंड के पास कमरा न मिलने पर वह मलोट रोड स्थित एक होटल में ठहरा। वहां उसने युवती की आंखों पर पट्टी बांधी और गहना पहनाने का बहाना किया। इसी दौरान उसने बैग से कुल्हाड़ी निकालकर उस पर वार कर दिए। युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। बाद में उसने अपने भाई को फोन कर वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है। पूछताछ जारी है।








