युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ग्रामीण विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RUDSET), जालंधर ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान में निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक (DDM) सविता सिंह ने ज्योति प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान रुडसेट जालंधर के निदेशक मंजीत सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि संस्थान युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में निशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्वरोजगार स्थापित करने वाला बनाना है।
मुख्य अतिथि सविता सिंह ने कहा कि आज के समय में कौशल विकास आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण संस्थान युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान और उद्यमिता की समझ देकर उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से पूरे समर्पण और मेहनत के साथ प्रशिक्षण लेने तथा भविष्य में सफल उद्यमी बनने का आह्वान किया।
उन्होंने रुडसेट की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के साथ उद्यमिता विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे प्रशिक्षु प्रशिक्षण पूरा करने के बाद स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें।
रुडसेट जालंधर के सीनियर फैकल्टी प्रगट सिंह ने बताया कि आने वाले समय में मोबाइल रिपेयरिंग, रेफ्रिजरेटर रिपेयर, मेंस पार्लर और फास्ट फूड स्टॉल उद्यमिता जैसे अन्य निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पात्र प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण अवधि के दौरान हॉस्टल में रहने और भोजन की सुविधा भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने इच्छुक युवाओं से अपील की कि वे इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने भविष्य को आत्मनिर्भर और रोजगारपरक बनाएं।
कार्यक्रम में मैडम मीनल, मैडम दीपिका, मैडम दविंदर कौर, पंकज दास, विशाल, संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य तथा प्रशिक्षु भी उपस्थित रहे।












