गिद्दड़बाहा: देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए पंजाब के वीर सपूत सुखप्रीत सिंह को आज उनके पैतृक गांव बुट्टर बखूहा में पूरे सैन्य और सरकारी सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जैसे ही शहीद की पार्थिव देह गिद्दड़बाहा पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।
भारतीय सेना की 19 जम्मू एंड कश्मीर राइफल में तैनात सुखप्रीत सिंह राजौरी के सुंदरबनी सेक्टर में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी पार्थिव देह को सेना के जवानों की टुकड़ी द्वारा उनके गांव लाया गया, जहां हजारों लोगों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
शहीद का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान उनके चचेरे भाई और फौजी मनदीप सिंह बाब्बू ने उन्हें मुखाग्नि दी। दिल को झकझोर देने वाला दृश्य उस समय देखने को मिला जब कनाडा में रहने वाली उनकी बहन कमलप्रीत कौर ने अपने इकलौते भाई की पार्थिव देह को सेहरा बांधकर अंतिम विदाई दी।
बताया जा रहा है कि सुखप्रीत सिंह की शादी इसी साल नवंबर में तय थी, लेकिन उससे पहले ही देश सेवा में उन्होंने अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना की टुकड़ी ने मातमी धुन बजाई और हवाई फायर कर शहीद को सलामी दी। इस मौके पर एसडीएम अरविंदरपाल सिंह, लेफ्टिनेंट जैदीप, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे, जिन्होंने शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।












