विश्व प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा शुक्रवार को लगातार छठे दिन भी अस्थायी रूप से स्थगित रही। जम्मू-कश्मीर के त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा शुरू नहीं करने का निर्णय लिया है।
देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए कटरा आधार शिविर पहुंच रहे हैं, लेकिन यात्रा बंद होने के कारण उन्हें फिलहाल इंतजार करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं में जल्द यात्रा शुरू होने की उम्मीद बनी हुई है।
सुरक्षा को प्राथमिकता, मौसम पर प्रशासन की पैनी नजर
प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से जुड़ी एजेंसियां लगातार मौसम की स्थिति और यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने और मौसम में सुधार आने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा।
श्रद्धालुओं से धैर्य रखने की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें। साथ ही मौसम सामान्य होने तक धैर्य बनाए रखें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।












