मानसा: पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मानसा जिले के बरेटा कस्बे में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य दलवीर सिंह उर्फ काला जवंदा पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किया गया। अज्ञात हमलावर ने उन पर पिस्तौल से फायरिंग कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घर लौटते समय बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दलवीर सिंह अपनी आढ़त की दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और उन पर गोली चला दी। गोली उनके पेट में लगी, जिसके बाद वह सड़क पर गिर पड़े।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल नेता को तत्काल सिविल अस्पताल बुढलाडा पहुंचाया।
लुधियाना रेफर, हालत बनी नाजुक
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लुधियाना रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
हमलावर मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद बाइक पर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अभी तक हमले के पीछे के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।










