पंजाब की राजनीति में मंगलवार को एक नया चेहरा जुड़ गया। अमेरिका (US) से लौटीं एमबीबीएस सर्जन और समाज सेविका डॉ. सुहानी डोडा ने आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया। चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैरी कलसी ने उनका पार्टी में स्वागत किया।
पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में डॉ. डोडा का अनुभव और समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पंजाब में जनसेवा के मिशन को और मजबूती देगी।
अबोहर की रहने वाली हैं डॉ. सुहानी डोडा
फाजिल्का जिले की अबोहर विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाली डॉ. सुहानी डोडा पेशे से एमबीबीएस सर्जन हैं और अमेरिका से लौटने के बाद लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों, नि:शुल्क मेडिकल कैंपों और जरूरतमंद लोगों की सहायता के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है।
स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और समाज के कमजोर वर्गों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के प्रयासों के कारण उन्हें क्षेत्र में सम्मानजनक पहचान मिली है।
मनीष सिसोदिया बोले- ऐसे प्रोफेशनल्स से पार्टी होगी मजबूत
डॉ. डोडा का स्वागत करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी ऐसे ईमानदार, शिक्षित और सेवाभावी लोगों का स्वागत करती है जो राजनीति के माध्यम से समाज और राज्य के विकास में योगदान देना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. सुहानी डोडा का अनुभव और जनसेवा की भावना पार्टी की सबसे बड़ी ताकत साबित होगी।
भगवंत मान सरकार के काम से प्रभावित होकर लिया फैसला
पार्टी में शामिल होने के बाद डॉ. सुहानी डोडा ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों और पारदर्शी शासन की नीति ने उन्हें आम आदमी पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति के माध्यम से भी लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देना है।










