पंजाब के जालंधर में एक बार फिर कारोबारियों को निशाना बनाने का मामला सामने आया है। शहर के प्रसिद्ध Karma Fashion Studio के मालिक को कथित तौर पर विदेश में बैठे गैंगस्टर डॉनी बल के नाम पर 50 लाख रुपये की फिरौती देने और जान से मारने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और कारोबारी की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए साइबर और तकनीकी जांच भी की जा रही है। गौर हो कि इस से पहले भी एक बार Karma Fashion Studio के मालिक को धमकी मिल चुकी है उस वक्त धमकी भरे पत्र के साथ एक बंदूक की गोली भी साथ भेज़ी गई थी।
बताया जा रहा है कि हाल के समय में जालंधर के कई कारोबारियों को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले BMS Fashion और Chawla Mobile House जैसे प्रतिष्ठानों से भी कथित रूप से फिरौती मांगने के मामले सामने आ चुके हैं। अब Karma Fashion Studio का नाम जुड़ने के बाद व्यापारिक वर्ग में चिंता का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यदि धमकी विदेश से संचालित किसी गैंग द्वारा दी गई है तो संबंधित एजेंसियों की भी मदद ली जाएगी।
व्यापारिक संगठनों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।










