जालंधर में शनिवार रात गूगल मैप के सहारे रास्ता तलाश रहे एक ट्रक चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गाजी-गुल्ला अंडरब्रिज के प्रवेश द्वार पर लगे लोहे के सुरक्षा गार्डर से ट्रक टकरा गया, जिससे भारी गार्डर नीचे गिर पड़ा। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार बाल-बाल बच गया, जबकि उसकी स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गूगल मैप ने पहुंचाया अंडरब्रिज तक
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे ट्रक चालक गूगल मैप की मदद से अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। लोकेशन का अनुसरण करते हुए वह गाजी-गुल्ला अंडरब्रिज के पास पहुंच गया। जैसे ही ट्रक ने अंडरब्रिज में प्रवेश करने की कोशिश की, उसकी ऊंचाई अधिक होने के कारण वह प्रवेश द्वार पर लगे लोहे के गार्डर से टकरा गया।
स्कूटी सवार ने छलांग लगाकर बचाई जान
टक्कर के बाद लोहे का भारी गार्डर अचानक नीचे गिर गया। उसी समय वहां से गुजर रहे एक स्कूटी सवार ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि गार्डर उसकी स्कूटी पर गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बड़े वाहनों की एंट्री रोकने के लिए लगाए गए हैं गार्डर
बताया जा रहा है कि गाजी-गुल्ला अंडरब्रिज की ऊंचाई कम होने के कारण बड़े वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए पहले से ही लोहे के सुरक्षा गार्डर लगाए गए हैं। इसके बावजूद ट्रक चालक वहां तक पहुंच गया और हादसा हो गया।
पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर-2 और पीसीआर (ज़ेब्रा-4) की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर कुछ समय के लिए मार्ग बंद कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, ट्रक चालक और स्कूटी सवार के बीच आपसी समझौता हो गया है, लेकिन पुलिस ने आगे की जांच के लिए ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।










