जालंधर-मोगा नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। गांव लदड़ा अड्डे के पास पराली से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक की भीषण टक्कर में दो कबड्डी खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे और कबड्डी के खिलाड़ी भी थे।
अचानक सड़क पर आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, पीछे से टकराई बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मलसियां से नकोदर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर पराली से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क पर आ गई। पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ट्रॉली से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 16 वर्षीय हरजोत सिंह और 23 वर्षीय गुरदीप सिंह उर्फ दीपा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय हरदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
10 दिन बाद UK जाना था, हादसे ने छीन लिया सपना
हादसे में जान गंवाने वाले गुरदीप सिंह का यूनाइटेड किंगडम (UK) का वीजा मंजूर हो चुका था और वह करीब 10 दिन बाद विदेश रवाना होने वाला था। वहीं हरजोत सिंह 12वीं कक्षा का छात्र था। दोनों की असमय मौत से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घायल का जालंधर में इलाज जारी
गंभीर रूप से घायल हरदीप सिंह को पहले नकोदर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जालंधर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
भाग रहे ट्रैक्टर चालक को लोगों ने दबोचा
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन राहगीरों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थाना सदर नकोदर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।










