जालंधर जिले के नकोदर-मलसियां मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गांव लद्धड़ां अड्डे के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतकों की पहचान हरदीप सिंह उर्फ दीपु (पुत्र अंग्रेज सिंह), निवासी गांव खानपुर ढड्डे तथा हरजोत सिंह उर्फ जोता (पुत्र तीर्थ सिंह), निवासी गांव पधेरा के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान प्रदीप सिंह (पुत्र सरबजीत सिंह), निवासी गांव बिल्ली चाओ के रूप में हुई है।
एक ही बाइक पर सवार थे तीनों युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर मलसियां से नकोदर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे गांव लद्धड़ां अड्डे के समीप पहुंचे, उनकी बाइक सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर खा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायल को जालंधर किया गया रेफर
हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रदीप सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल नकोदर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जालंधर रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर नकोदर के प्रभारी इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और पहचान होने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










