चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां करीब 54 साल पुरानी दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय इमारत के भीतर भवन मालिक समेत कई मजदूर मौजूद थे, जो मलबे में दब गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, आपदा राहत दल और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
साढ़े पांच घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान
मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए करीब साढ़े पांच घंटे तक लगातार राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीम ने मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
दो लोगों की मौत की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में दो लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू के दौरान दो लोगों को सफेद कपड़े में लपेटकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। हालांकि प्रशासन ने अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की है।
इलाका सील, जांच शुरू
हादसे के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी। प्रशासन और तकनीकी विशेषज्ञ यह पता लगाने में जुटे हैं कि इमारत गिरने की असली वजह क्या थी।
प्रारंभिक जांच में इमारत के अत्यधिक पुराने होने की बात सामने आई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारण विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दुर्घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें। हादसे को लेकर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।










