जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान में बैठे कथित अपराधियों के संपर्क में रहकर सरकारी विभागों और संवेदनशील संस्थानों से जुड़ी सूचनाएं साझा कर रहे थे। तीनों आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह, भरत वर्मा और सचिन खोसला निवासी कमल विहार के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया के जरिए बने संपर्क
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी और हरमाज गुज्जर के संपर्क में आए थे। इसके बाद कथित तौर पर पंजाब ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों से भी संवेदनशील जानकारियां एकत्र कर विदेश भेजी जा रही थीं।
विदेश से फंडिंग मिलने का दावा
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और चैट रिकॉर्ड से ऐसे अहम सुराग मिले हैं, जिनसे कथित तौर पर यह संकेत मिलता है कि आरोपियों को विदेश से आर्थिक मदद मिल रही थी। पुलिस का दावा है कि सूचनाएं उपलब्ध कराने के बदले आरोपियों को बड़ी रकम दी जाती थी।
युवाओं को भी कथित तौर पर बनाया नेटवर्क का हिस्सा
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी प्रदीप पहले सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित संपर्कों तक पहुंचा। बाद में उसने अपने दोनों साथियों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा। पुलिस का आरोप है कि युवाओं को बहला-फुसलाकर उनसे भी विभिन्न जानकारियां जुटवाई जाती थीं और इसके बदले उन्हें पैसे दिए जाते थे।
कई राज्यों तक फैला हो सकता है नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी पिछले 3 से 4 महीनों से सक्रिय थे और पंजाब के अलावा अन्य राज्यों में भी जाकर जानकारी जुटाने का काम कर रहे थे। पुलिस का दावा है कि जालंधर से जुड़ी कुछ संवेदनशील सूचनाएं भी साझा की गई थीं।
जल्द हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामले होने के कारण फिलहाल सभी सबूत सार्वजनिक नहीं किए जा सकते। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं और इस मामले में 3 से 4 अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाल में हुए एक विस्फोट मामले में इन आरोपियों की कोई भूमिका थी या नहीं।
फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।










