पंजाब में उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। राज्य में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले चार दिनों तक पंजाब के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कई जिलों में तेज आंधी, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर), फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में तेज हवाओं और बिजली चमकने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
1 जुलाई तक जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला
आईएमडी के अनुसार 27, 28 और 29 जून को भी पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली सहित कई इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। वहीं 28 और 29 जून को कुछ जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का यह दौर 1 जुलाई तक जारी रह सकता है, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना होने की संभावना है।
तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट संभव
बारिश के चलते राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे खड़े होने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह भी दी है।










