जालंधर। मॉडल टाउन शॉपकीपर वेलफेयर एसोसिएशन (रजि.), जालंधर के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बुधवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव कुमार दुग्गल के नेतृत्व में नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर जालंधर सतिंदर सिंह (आईपीएस) से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान शहर की कानून-व्यवस्था, व्यापारियों की सुरक्षा और बाजार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के चेयरमैन लखबीर सिंह लाली घुम्मण, वाइस चेयरमैन सुखबीर सिंह सुख्खी, वाइस प्रधान रमेश लखनपाल, भूपिंदर सिंह पिंदा, अनिल अरोड़ा, जसवंत सिंह पिंटू, जी.एस. नागपाल, विजय खुल्लर, दिवजोत सिंह, अंतरप्रीत सिंह, एस.पी. सिंह टिंगरा और मोनू मेहता सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान एसोसिएशन की ओर से पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव कुमार दुग्गल ने कहा कि सतिंदर सिंह जैसे अनुभवी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के जालंधर आने से शहर की कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। इससे व्यापारिक वर्ग में भी सुरक्षा और विश्वास की भावना बढ़ेगी।
वहीं पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि जालंधर को सुरक्षित, व्यवस्थित और विकासशील शहर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि वह जालंधर के लिए नए नहीं हैं और शहर की आवश्यकताओं व चुनौतियों से अच्छी तरह परिचित हैं।
कमिश्नर ने मॉडल टाउन मार्केट का दौरा करने और व्यापारियों के साथ ‘कप ऑफ कॉफी’ कार्यक्रम के दौरान संवाद स्थापित करने का भी भरोसा दिया, ताकि बाजार और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को बेहतर तरीके से समझा जा सके।
बैठक के दौरान चेयरमैन लखबीर सिंह लाली घुम्मण ने मॉडल टाउन मार्केट की कुछ दैनिक समस्याओं को भी पुलिस कमिश्नर के समक्ष रखा। इस पर सतिंदर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्राथमिक स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
अंत में एसोसिएशन के सदस्यों ने पुलिस कमिश्नर का धन्यवाद व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि उनकी नेतृत्व क्षमता से जालंधर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।









