शहर के फोलड़ीवाल इलाके में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक खड़ी स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन की ड्राइविंग सीट पर मौजूद व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेतों के पास स्थित एक छप्पड़ के निकट खड़ी स्कॉर्पियो से अचानक आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। आसपास मौजूद लोगों ने जब मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया तो देखा कि वाहन के अंदर एक व्यक्ति फंसा हुआ है और आग की चपेट में आ चुका है। इसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। वाहन के अंदर मौजूद व्यक्ति का शव भी बुरी तरह झुलस गया था, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। जली हुई स्कॉर्पियो पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जिससे वाहन की पहचान करना भी चुनौती बन गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से लगी।
वहीं पुलिस इस मामले में किसी साजिश या हत्या की संभावना को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को वाहन में रखकर आग लगाई गई हो सकती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
फिलहाल घटनास्थल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फोरेंसिक टीम की मदद से अहम साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जबकि मृतक और वाहन की पहचान के प्रयास भी जारी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही इस रहस्यमयी घटना का सच सामने आ सकेगा।









