बठिंडा। पंजाब के बठिंडा शहर में सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन और प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. तरसेम गर्ग के घर पर पेट्रोल बम से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हमले में घर की लॉबी में आग लग गई, जिससे कुछ गमले और एक स्कूटर जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार रात करीब 9:45 बजे की है। डॉ. तरसेम गर्ग ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से मेला राम रोड स्थित अपने क्लीनिक में रह रहे थे और घटना वाले दिन ही अपने घर लौटे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनके घर को निशाना बनाते हुए पेट्रोल बम फेंक दिया।
डॉ. गर्ग के अनुसार रात करीब 10 बजे घर के कार्यालय में मौजूद ड्राइवर और अकाउंटेंट ने उन्हें आग लगने और हमले की सूचना दी। इसके बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और विशेष जांच दल को मौके पर तैनात किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति के घर पर हमला हो सकता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं।
एसपी सिटी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।
राजनीतिक चर्चाओं ने पकड़ा जोर
गौरतलब है कि डॉ. तरसेम गर्ग हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। ऐसे में इस हमले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी एंगल को खारिज नहीं किया है और जांच जारी है।








